UP Police Daroga Bharti Admit Card: 11 और 12 मार्च को जारी होंगे प्रवेश पत्र, परीक्षा में नकल पर होगी सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने दारोगा भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र जारी करने की तारीखें निर्धारित कर दी हैं। अभ्यर्थियों को 11 और 12 मार्च को अपने प्रवेश पत्र मिलेंगे। बोर्ड के अनुसार, जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 14 मार्च को होनी है, उनके प्रवेश पत्र 11 मार्च को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। वहीं, जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 15 मार्च को निर्धारित है, उनके प्रवेश पत्र 12 मार्च को जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को उनके परीक्षा के जिले की सूचना पहले ही दी जा चुकी है, जबकि प्रवेश पत्र से परीक्षा केंद्र की सटीक जानकारी मिलेगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों और अन्य हितधारकों को चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत, सोशल मीडिया पर परीक्षा के प्रश्न पत्रों या उनकी सामग्री पर चर्चा, विश्लेषण या प्रसार करना प्रतिबंधित है।
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति जो परीक्षा सामग्री को किसी भी रूप में (मौखिक या लिखित, इलेक्ट्रॉनिक या यांत्रिक माध्यम से) प्रकाशित, प्रसारित, संग्रहीत या साझा करते हुए पाया जाता है, या परीक्षा केंद्र से मूल ओएमआर शीट को ले जाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई होगी।
