UP News: यूपी में रोडवेज बस का सफर होगा महंगा, टोल टैक्स बढ़ने से किराया बढ़ाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश में रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही बड़ा झटका लग सकता है। 1 अप्रैल से प्रदेश में टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी के बाद अब परिवहन निगम ने बसों का किराया बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टोल टैक्स में वृद्धि के कारण लखनऊ से संचालित होने वाली बसों के किराए में प्रति यात्री 1 से 3 रुपये तक की वृद्धि होने की संभावना है।
टोल टैक्स की बढ़ी हुई दरों का असर लखनऊ से कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, बाराबंकी, रायबरेली और प्रयागराज जैसे शहरों के बीच चलने वाली बसों पर पड़ेगा। लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (आईटी) को पत्र भेजकर टोल टैक्स की बढ़ी दरों के अनुसार बसों का किराया संशोधित करने का अनुरोध किया है।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, टोल टैक्स में बदलाव के बाद किराये में संशोधन के लिए मुख्यालय के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। एक बार आदेश मिलने के बाद, नया किराया ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) में दर्ज किया जाएगा और फिर इसे लागू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही संशोधित किराये की सूची जारी की जाएगी।
टोल टैक्स में वृद्धि के बाद विभिन्न मार्गों पर संभावित किराया वृद्धि इस प्रकार है:
लखनऊ से कानपुर: 137 रुपये से बढ़कर 138 रुपये
लखनऊ से गोरखपुर: 447 रुपये से बढ़कर 450 रुपये
लखनऊ से सुल्तानपुर: 231 रुपये से बढ़कर 233 रुपये
रायबरेली से कानपुर: 181 रुपये से बढ़कर 182 रुपये
लखनऊ से रायबरेली: 121 रुपये से बढ़कर 122 रुपये
रायबरेली से प्रयागराज: 182 रुपये से बढ़कर 183 रुपये
रायबरेली से प्रतापगढ़: 139 रुपये से बढ़कर 140 रुपये
