UP News: पति पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराई FIR
उत्तर प्रदेश के गौतमपल्ली थाने में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पति ने उसके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट की। इस मारपीट के कारण महिला का गर्भपात हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 29 जून 2019 को महाराजगंज के भिटौली निवासी अब्दुल रहमान से हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक वह भिटौली में रही, फिर पति के साथ लखनऊ में रहने लगी। 10 सितंबर 2023 को पति उसे अपने साथ सऊदी अरब ले गया। वहां महिला को पति के मोबाइल में दूसरी महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने मारपीट शुरू कर दी और उसके आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
महिला को 22 फरवरी 2024 को जबरन भारत भेज दिया गया। करीब छह महीने बाद जब पति अब्दुल रहमान गांव लौटा, तो महिला को पता चला कि वह दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। जब वह ससुराल पहुंची तो पति घर से भाग गया। पीड़िता ने बताया कि 18 जून 2025 को उसने भिटौली थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद परिवार के बड़े लोगों ने समझौता करा दिया था। हालांकि, 11 सितंबर 2025 को पति, सास-ससुर और देवर ने फिर से मारपीट करते हुए दो लाख रुपये की मांग की। इसी दौरान महिला का गर्भपात हो गया।
पीड़िता ने गौतमपल्ली थाने में पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।
