UP News: योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, आम्बेडकर प्रतिमाओं के लिए 403 करोड़, ग्रेटर नोएडा में नई University को मंजूरी
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में सामाजिक न्याय और शिक्षा के क्षेत्र में दो बड़े फैसले लिए हैं। सरकार ने प्रदेश भर में बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के सुंदरीकरण के लिए 403 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, वहीं ग्रेटर नोएडा में एक नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग भी प्रशस्त कर दिया है।
महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा सुंदरीकरण
प्रदेश सरकार ने ‘डॉ. आम्बेडकर मूर्ति विकास योजना-2026’ को लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन महापुरुषों की प्रतिमाओं का संरक्षण और सम्मान करना है, जिन्होंने सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित किया। योजना के तहत बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के साथ-साथ संत रविदास, संत कबीरदास, ज्योतिबा फुले और महर्षि वाल्मीकि जैसे समाज सुधारकों की प्रतिमाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
योजना के लिए कुल 403 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है, जिसके तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं को 1-1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में लगभग 10 प्रतिमा स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। इन स्थलों पर सुरक्षा के लिए छतरी, बाउंड्री वॉल, सौंदर्यीकरण, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य कराए जाएंगे। प्रत्येक स्थल पर अधिकतम 10 लाख रुपये खर्च किए जा सकेंगे।
ग्रेटर नोएडा में खुलेगा नया विश्वविद्यालय
उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए कैबिनेट ने ग्रेटर नोएडा में निजी क्षेत्र के अंतर्गत ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’ की स्थापना को मंजूरी दी है। यह विश्वविद्यालय ‘सनहिल हेल्थकेयर प्रा. लि., नोएडा’ द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से आवंटित 26.1 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य निजी निवेश के माध्यम से यूपी को शिक्षा का हब बनाना और गुणवत्तापूर्ण रोजगारपरक शिक्षा के नए अवसर सृजित करना है।
