UP news: राशन वितरण में गड़बड़ी पर एक्शन, डीलर के खिलाफ FIR दर्ज
उत्तर प्रदेश के पटियाई सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता लाने के प्रयासों के बावजूद, कई जगहों पर अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में, पटियाली तहसील के गांव रमपुरा में उचित दर विक्रेता के खिलाफ गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि डीलर द्वारा राशन वितरण में धांधली की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद पूर्ति विभाग ने मामले की जांच शुरू की। पूर्ति निरीक्षक पटियाली और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने 10 फरवरी को गांव रमपुरा पहुंचकर मौके पर जांच की। इस दौरान कई राशन कार्डधारकों और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में ग्राम प्रधान अनीता देवी ने भी पुष्टि की कि ग्रामीण डीलर के व्यवहार और वितरण व्यवस्था से असंतुष्ट हैं।
एसडीएम पटियाली के निर्देश पर 17 फरवरी को पूर्ति विभाग की टीम दोबारा भौतिक सत्यापन के लिए पहुंची। टीम को शुरुआत में दुकान बंद मिली, लेकिन बाद में डीलर के पहुंचने पर निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि डीलर द्वारा वितरित किए गए राशन और दुकान में मौजूद स्टॉक के बीच बड़ा अंतर था।
पूर्ति निरीक्षक भारत साधियान ने बताया कि डीलर पर कई गंभीर आरोप हैं, जिनमें राशन कार्डधारकों को अनुमन्य मात्रा से कम खाद्यान्न देना, आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद भी राशन न देना, सरकारी कांटे की जगह अन्य कांटे का उपयोग करना और दुकान बंद रखना शामिल है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने उचित दर विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
