लखनऊ में आज (12 मार्च) दांडी मार्च के आयोजन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन सुबह 7 बजे से शुरू होकर कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी...
लखनऊ में आज (12 मार्च) दांडी मार्च के आयोजन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन सुबह 7 बजे से शुरू होकर कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि जनभवन से लखनऊ विश्वविद्यालय तक होने वाले इस मार्च के कारण हजरतगंज और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
डीएसओ चौराहा से हजरतगंज और जीपीओ पार्क की ओर जाने वाले वाहनों को अब पार्क रोड या सिसेंडी तिराहा होकर गुजरना होगा। रॉयल होटल चौराहे से विधानसभा और हजरतगंज जाने वाले वाहन कैसरबाग चौराहा, सिसेंडी तिराहा या बर्लिंगटन चौराहा का उपयोग कर सकेंगे। संकल्प वाटिका पुल के नीचे से आने वाले बड़े वाहन और सिटी बसें सिकंदरबाग, हजरतगंज, विधानसभा के बजाय बैकुंठ धाम, 1090 गांधी सेतु, बंदरियाबाग, लालबत्ती कैंट होकर निकलेंगी।
दूसरी ओर, दरोगा भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। 13 से 16 मार्च तक कानपुर, सुलतानपुर, रायबरेली, अयोध्या, गोरखपुर समेत आठ शहरों से लखनऊ आने वाले परीक्षार्थियों के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डों पर हेल्पडेस्क भी स्थापित की गई है।
हालांकि, परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर मुफ्त बस यात्रा की भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र दिखाकर निशुल्क यात्रा की कोई सुविधा नहीं दी गई है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस अफवाह का खंडन करने का निर्देश दिया है।
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचने का निर्देश दिया है। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड/पहचान पत्र और काला/नीला बाल प्वाइंट पेन अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। कागज के टुकड़े, पेंसिल बाक्स, प्लास्टिक पाउच, किसी भी प्रकार का कैल्कुलेटर, स्केल, कापी, पेन ड्राइव प्रतिबंधित है।