अलीगढ़: श्मशान घाट के नाम पर सरकारी फंड हड़पने की कोशिश, ग्रामीणों ने किया विरोध
अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र की शाहनगर सौरौला ग्राम पंचायत में सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर जनता के सहयोग से बने श्मशान घाट के लिए सरकारी बजट निकालने की कोशिश का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) टप्पल इंद्रजीत भाटी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण, बेंच निर्माण और टिनशेड की मरम्मत पिछले 40 दिनों से उनके निजी योगदान से की जा रही है। इस कार्य में किसी भी सरकारी धन का उपयोग नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते 9 मार्च को प्रधान के छोटे भाई ने कार्यस्थल की फोटो खींची, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध किया। विरोध करने पर प्रधान ने अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी कि वे सरकारी पैसा निकालकर ही रहेंगे।
इस मामले में ग्रामीणों ने पंचायत सचिव शशि कुमार की तैनाती पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव 2018 से इसी पंचायत में तैनात हैं, जो नियमों के खिलाफ है। ग्रामीणों ने उनकी तत्काल हटौतल की मांग की है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी, पंचायत सहायक अधिकारी और डीपीआरओ अलीगढ़ को भी ज्ञापन दिया है। उन्होंने फर्जी भुगतान रोकने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सहायक विकास अधिकारी इंद्रजीत भाटी ने आश्वासन दिया है कि ज्ञापन के आधार पर जांच की जाएगी और सत्य पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
