यूपी में मौसम का यू-टर्न: मार्च में अचानक लौटा घना कोहरा, गर्मी से मिली राहत | UP Weather Update
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मार्च के महीने में अचानक मौसम ने करवट ली है। जहां पिछले कई दिनों से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। मेरठ, बुलंदशहर, कानपुर देहात, बांदा समेत कई जिले घने कोहरे के आगोश में सिमट गए। एक ओर जहां दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। आसमान में कोहरे की धुंध छाने से हाई वे व प्रमुख सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं बदले मौसम में गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की।
यूपी में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। पिछले कई दिनों से तेज धूप के साथ तापमान में इजाफा हो रहा था। सोमवार को तेज धूप के साथ पारा सामान्य से करीब सात डिग्री ऊपर जाकर 35 डिग्री तक पहुंच गया था। मार्च में ही अप्रैल जैसा तल्ख़ मौसम होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा था। लेकिन मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। घने कोहरे व ठंडी हवा के साथ दिन शुरू हुआ। कोहरे के आगोश में सिमटने से हाई वे व प्रमुख सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं ठंडी हवा चलने से लोगों को तल्ख़ मौसम से राहत मिली।
मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी ने बताया कि 14 मार्च से आसमान में बदली छाने के साथ तेज हवा चलने के साथ ही 18 व 19 मार्च को बारिश होने कि भी संभावना है। बुंदेलखंड में भी मार्च के महीने में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। जिससे वाहन रेंगते नजर आए। आमजन में यह चर्चा है खाड़ी देशों में युद्ध के कारण यहां का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
शामली में भी धुंध की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय दृश्यता में आई भारी कमी के कारण हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। धुंध के इस प्रकोप ने मौसम का मिजाज भी बदल दिया, जिससे हल्की ठंड का एहसास होता रहा। कांधला में दिल्ली बस स्टैंड दिल्ली नेशनल हाईवे के मुख्य मार्गों पर सुबह-सुबह धुंध का यह आलम यह था कि लोगों को सामने चल रहे वाहन भी धुंधले दिखाई दे रहे थे। सबसे अधिक असर हाईवे पर पर देखने को मिला। बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए वाहन चालकों ने लाइटें जलाकर और सतर्कता बरती।
बुलंदशहर में सुबह बे-मौसम कोहरे की चादर छाई रही। मार्च माह में तीसरी बार कोहरा पड़ने से मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि राहगीरों की परेशानी भी बढ़ गई। मार्च के महीने में बार-बार कोहरा पड़ने से मौसम विज्ञानी भी हैरान हैं। उनका कहना है कि मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। वहीं, कोहरे के चलते सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान बारिश होने की संभावना है।
