हाथ में दाद का इलाज महंगा पड़ा, क्लीनिक की दवा से महिला की बिगड़ी health
चकेरी के अहिरवां में एक महिला के साथ इलाज के नाम पर लापरवाही का मामला सामने आया है। रामकांती नाम की महिला अपने हाथों में चकत्तों की समस्या के इलाज के लिए एक स्थानीय क्लिनिक में गई थी। क्लिनिक संचालक ने उनसे 1150 रुपये लिए और अपने मेडिकल स्टोर से दवाएं दीं।
दवाओं का सेवन करने के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। उनके पूरे शरीर पर फफोले पड़ गए, जिससे उनकी जान खतरे में पड़ गई। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी।
परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक संचालक के पास इलाज करने की कोई वैध डिग्री नहीं थी। गलती छिपाने के लिए उसने अपना क्लिनिक बंद कर दिया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। पीड़िता के भतीजे श्याम सैनी ने बताया कि वे इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से करेंगे। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
