कानपुर में दर्दनाक हादसा: ओवरटेक कर रहे ट्रक ने महिला को कुचला, आक्रोशित भीड़ ने किया पथराव
कानपुर के श्याम नगर स्थित एफसीआई गोदाम के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। ओवरटेक करने के चक्कर में एक ट्रक ने टहलने निकली 55 वर्षीय महिला दरक्शा खातून को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए ट्रक पर पथराव किया।
सूचना मिलने पर सपा विधायक हसन रूमी और एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा समेत चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विधायक की मौजूदगी में लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए गोदाम के बाहर हंगामा किया। एडीसीपी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। करीब तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
सुजातगंज निवासी सलीम अहमद ने बताया कि उनकी पत्नी दरक्शा खातून रोजाना की तरह सुबह टहलने निकली थीं। एफसीआई गोदाम के पास सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में गोदाम जा रहे ट्रक ने दरक्शा को कुचल दिया। पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
