कानपुर में 24 घंटे के भीतर तीन युवकों ने दी जान, Kanpur suicide news से सनसनी
कानपुर शहर में 24 घंटे के भीतर तीन युवकों की आत्महत्या से हड़कंप मच गया है। ये घटनाएं गुजैनी, चकेरी और काकादेव थाना क्षेत्रों में हुई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन युवकों ने पारिवारिक कलह, बेरोजगारी और नशे की लत से उपजे तनाव के चलते यह कदम उठाया।
पत्नी के न लौटने से तनाव में था युवक
गुजैनी के मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी 30 वर्षीय शुभम पाठक ने पत्नी के मायके से न लौटने के कारण आत्महत्या कर ली। शुभम दादा नगर की एक फैक्ट्री में काम करते थे। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी। इसी बात को लेकर शुभम तनाव में थे। गुरुवार सुबह जब शुभम काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों ने पड़ोसी के घर से जाकर देखा। उनका शव फंदे से लटकता मिला।
भाई से विवाद के बाद दी जान
चकेरी के श्याम नगर स्थित भगवंत टटिया निवासी 35 वर्षीय अखिलेश यादव ने भाई से विवाद के बाद फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। अखिलेश रामादेवी में गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन थे। परिजनों के अनुसार, अखिलेश नशे के आदी थे, जिसके कारण अक्सर घर में झगड़ा होता था। बुधवार रात भी नशे की हालत में घर पहुंचने पर भाई राजन से कहासुनी हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने कमरे में यह कदम उठाया।
नौकरी छूटने से तनाव में था तीसरा युवक
काकादेव में 45 वर्षीय शेर सिंह ने मानसिक तनाव में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। काकादेव थाना प्रभारी ने बताया कि विजय नगर निवासी शेर सिंह की बीते तीन माह पहले नौकरी छूट गई थी। नौकरी नहीं मिलने के कारण वह नशे के आदी हो गए थे और गहरे मानसिक तनाव में रहने लगे थे। बुधवार रात को उन्होंने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच कर रही है।
