दिल्ली के द्वारका में तैयार हुआ 221 फीट ऊंचा दुनिया का सबसे बड़ा रावण, लागत 40 लाख रुपये | delhi news
राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका सेक्टर 10 स्थित रामलीला मैदान में इस बार का दशहरा उत्सव बेहद खास होने जा रहा है। यहां दुनिया का सबसे बड़ा 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है, जो करीब 22 मंजिला इमारत के बराबर है। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्सव का उत्साह चरम पर है।
द्वारका श्री रामलीला सोसायटी के तत्वावधान में तैयार इस विशालकाय पुतले के निर्माण में लगभग तीन महीने का समय लगा है। चंडीगढ़ से आए करीब 120 कारीगरों और मजदूरों ने दिन-रात मेहनत कर इसे आकार दिया है। पुतले को सुरक्षित और मजबूत रखने के लिए इसमें सात टन लोहे का इस्तेमाल किया गया है, साथ ही जमीन में 10 फीट गहरा बेस बनाकर इसे मजबूती दी गई है। रावण की ऊंचाई के साथ ही इसका 25 फीट ऊंचा मुकुट और वाटरप्रूफ वेलवेट के कपड़े इसकी भव्यता में चार चांद लगा रहे हैं।
इस बार रावण के साथ ही 90-90 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले भी खड़े किए गए हैं। आयोजकों ने पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इस बार पुतले के दहन के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। रावण का दहन रिमोट के जरिए किया जाएगा और इसमें ग्रीन क्रैकर्स का इस्तेमाल होगा। इस नायाब निर्माण और तकनीकी के इस्तेमाल से यह दशहरा पर्व शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है।
