यूपी में 15 दिन में बदलेगा माहौल, चंद्रशेखर आजाद ने आगरा में भरी हुंकार, UP politics news पर दिया बड़ा बयान
आजाद समाज पार्टी के संस्थापक और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आगरा में ‘स में ‘संवैधानिक अधिकार बचाओ-भाईचारा बनाओ’ रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले 15 दिनों में उत्तर प्रदेश का माहौल बदलने वाला है और इसके लिए सभी को कमर कस लेनी चाहिए। चंद्रशेखर ने कहा कि कमजोरों की एकता ही इस सरकार को उखाड़ फेंक सकती है।
जीआईसी मैदान में हुई इस रैली में चंद्रशेखर ने रामलीला मैदान की अनुमति न मिलने पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमसे जगह छीनी जा सकती है, लेकिन हमें लोगों के दिलों से नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने कहा कि यह पहला आंदोलन है, जिसमें सभी जाति और धर्म के नेता एक मंच पर हैं। उन्होंने परंपरागत राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई दलों में सांसद और विधायक तो बन जाते हैं, लेकिन अपने ही समाज की आवाज तक नहीं उठा पाते।
सांसद ने 2027 में सत्ता परिवर्तन होते ही झूठे मुकदमे वापस लेने और लाठी-खाने वालों का सम्मान करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर यह चेतना सत्ता की ओर मुड़ गई तो वह दिन दूर नहीं जब लखनऊ के कालीदास मार्ग पर एक अंबेडकरवादी, बहुजनवादी और संविधानवादी मुख्यमंत्री बैठेगा। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार में आने पर शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार किया जाएगा और इलाज के अभाव में किसी की जान नहीं जाने दी जाएगी।
चंद्रशेखर आजाद ने कानून-व्यवस्था पर कहा कि अगर कोई अपराधी बहन-बेटियों पर बुरी नजर डालेगा तो उसे सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने आगरा के जूता उद्योग में जीएसटी और छापेमारी के नाम पर हो रहे उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सत्ता बदलने पर एक-एक पैसे का हिसाब होगा।
रैली के दौरान करीब पंद्रह से बीस हजार की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनसैलाब से आयोजन स्थल पर अव्यवस्थाएं फैल गईं और उत्साहित समर्थकों ने बेरिकेडिंग तोड़ दी। धक्कामुक्की के बीच कई कुर्सियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थिति बिगड़ती देख मंच से चंद्रशेखर ने लोगों से संयम और सावधानी बरतने की अपील की।
