गुरुग्राम में टेक कपल की संदिग्ध हालात में मौत, फंदे पर लटका मिला पति और फर्श पर पड़ी थी पत्नी का शव | gurugram news
गुरुग्राम जिले के सेक्टर स्थित पॉश सोसायटी एम3M मरीना के एक फ्लैट में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक उच्च शिक्षित टेक कपल संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। मूल रूप से केरल के रहने वाले मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना की इस रहस्यमयी मौत से पूरे आईटी सेक्टर और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। जिस दिन यह खौफनाक वारदात सामने आई, उसी दिन फरहाना का जन्मदिन भी था। इस घटना ने एक बार फिर कॉर्पोरेट जगत के अत्यधिक मानसिक तनाव और वर्क प्रेशर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ईमेल से हुआ सनसनीखेज खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब मोहम्मद असलम ने बुधवार सुबह करीब सात बजे अपनी कंपनी को एक ईमेल भेजा। इस मेल में उन्होंने लिखा था कि वे दुनिया छोड़ रहे हैं और इसके साथ ही अपने परिजनों तथा मकान मालिक के संपर्क नंबर भी साझा किए थे। सहकर्मियों ने जब यह ईमेल देखा और उनसे संपर्क साधने में असफल रहे, तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मकान मालिक ने देखा कि फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर असलम का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उनकी पत्नी फरहाना का शव फर्श पर था और उनके गले पर चोट के निशान मिले।
आईआईटी और आईआईएम से पढ़े थे असलम
यह जोड़ा महज तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुआ था। इनकी शादी साल 2023 में हुई थी। मोहम्मद असलम एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर के प्रतिष्ठित संस्थानों के पूर्व छात्र थे, जबकि फरहाना भी एक आईटी फर्म के लिए घर से ही काम कर रही थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि असलम पिछले करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। हालांकि परिजनों का कहना है कि उनके बीच आपसी संबंध अच्छे थे, लेकिन रिश्तेदारों ने कॉर्पोरेट जगत के भारी दबाव को इस त्रासदी की संभावित वजह बताया है।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मु मुआयना किया। फ्लैट से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिस पर दुनिया छोड़ने की बात लिखी है। इसके अलावा मृतका के कपड़ों पर हाथ से ‘I Love You’ लिखा हुआ पाया गया है। पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, रस्सी और डायरी समेत कई चीजें कब्जे में ली हैं। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि पति ने आत्महत्या से पहले पत्नी की हत्या की होगी। इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।
