आगरा में 15 मार्च से शुरू होगी Shri Ram Katha, भूमि पूजन के साथ हुआ मंगल कार्यों का शुभारंभ
आगरा के रोहता क्षेत्र में सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। श्रीकामता नाथ सेवा समिति द्वारा पीएस गार्डन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को भूमि पूजन के साथ हुआ। चित्रकूट के स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज कथावाचक होंगे, जो 15 मार्च से 21 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक संगीतमय दोहे व चौपाइयों के माध्यम से श्रीराम की महिमा का वर्णन करेंगे।
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कथा स्थल पर भूमि पूजन और हवन संपन्न हुआ। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘वीर बजरंगी’ के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हवन में आहुति देकर कथा की सफलता के लिए प्रार्थना की।
भूमि पूजन में अतिथि के रूप में मौजूद श्रीमनःकामेश्वर के महंत योगेश पुरी ने श्रद्धालुओं को कथा को जीवन में उतारने की सलाह दी। उन्होंने पेंट और जींस छोड़कर धोती-कुर्ते में कथा श्रवण करने का आग्रह किया। आयोजन समिति के महामंत्री डॉ. धर्मेन्द्र त्यागी ने बताया कि 14 मार्च को अग्रसेन सेवा सदन से पीएसएस गार्डन तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। समिति अध्यक्ष राम सेवक शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया।
