आगरा में भाइयों के बीच दीवार पर विवाद, पुलिस के सामने हुई मारपीट; 112 police भी नहीं रोक पाई झगड़ा (Agra news)
आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के रायभा गांव में परमार मार्केट के पास गुरुवार को दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद खूनी झड़प में बदल गया। दीवार बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। यह घटना तब हुई जब पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन शुरुआती तौर पर स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पाई।
जानकारी के अनुसार, पप्पू प्रजापति और उनके भाई राम भरोसी के बीच काफी समय से मकान में दीवार खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि पप्पू प्रजापति के बेटों ने राम भरोसी के घर पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से मारपीट शुरू कर दी।
इस पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर गुजर रहे लोग खुद को बचाने के लिए भागते नजर आए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट और पथराव होता रहा। स्थिति को काबू करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि रामभरोसी की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
