शर्मनाक! बिहार के स्कूल में छात्रों से शौचालय के लिए पानी मंगवाते शिक्षक, मिड डे मील में भी घोटाला
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय सुजावलपुर में शिक्षकों की घोर लापरवाही और कुव्यवस्था का मामला सामने आया है। यहां शिक्षकों द्वारा छात्रों से शौचालय के लिए बाल्टी में पानी मंगवाने की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने प्रधान शिक्षक समेत सभी शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रखंड विकास अधिकारी सकरा ने स्कूल की स्थलीय जांच की, जिसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली। जांच में पाया गया कि स्कूल में तीन शौचालय हैं, लेकिन उनमें नल नहीं लगे हैं। इस वजह से छात्रों को बाहर से पानी लेकर जाना पड़ता है। शिक्षकों ने इसी का फायदा उठाते हुए छात्रों से अपने इस्तेमाल के लिए शौचालय में पानी मंगवाना शुरू कर दिया।
जांच में मिड डे मील में भी अनियमितताएं पाई गईं। उपस्थिति पंजी और वास्तविक उपस्थिति में बड़ा अंतर मिला। पंजी पर 129 बच्चों की हाजिरी बनी थी, जबकि मौके पर केवल 79 बच्चे मौजूद थे। मध्यान भोजन गुणवता निरीक्षण पंजी में भी गड़बड़ी पाई गई, जिससे आशंका है कि मिड डे मील ठीक से नहीं बन रहा था। जांच पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों के स्थानांतरण की अनुशंसा की है।
