ममता शर्मसार! बिहार में जन्म देने से पहले ही मां ने कर दिया नवजात का सौदा, आशा बनी बिचौलिया
मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र के कोइरिया निजामत गांव में एक मां ने एक मां ने मानवता को शर्मसार कर दिया। रानी देवी नामक महिला ने अपने नवजात पुत्र को जन्म देने से पहले ही बेचने का सौदा कर लिया था। इस घिनौने कृत्य में स्थानीय आशा कार्यकर्ता रंभा देवी ने बिचौलिये की भूमिका निभाई।
शुक्रवार को रानी देवी को प्रसव के लिए पारू सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक पुत्र को जन्म दिया। दोपहर में जब उसे डिस्चार्ज किया गया, तो वह बिना बच्चे के घर लौटी। देवर सुबोध कुमार सहनी और पड़ोसियों ने जब सवाल किया, तो रानी देवी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। संदेह होने पर मुखिया प्रतिनिधि ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां रानी देवी और आशा रंभा देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि नवजात को एक लाख रुपये में बेचा गया था, जिसमें से 60 हजार रुपये अभी भी बकाया हैं। आशा के खाते में भी एक लाख रुपये भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब नवजात की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि बच्चे को किसके हाथों बेचा गया।
