IPL betting के कर्ज के लिए सैलून संचालक का अपहरण, पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
लखनऊ के माल क्षेत्र में एक सैलून संचालक के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह अपहरण आईपीएल सट्टे में हारे गए पैसों की वसूली के लिए किया गया था। आरोपियों ने सैलून संचालक शिवा शर्मा और उसके साथी रंजीत साहू को बंधक बनाकर सात घंटे तक कार में घुमाया और जमकर पीटा।
सोमवार को हुई इस घटना में आरोपियों ने शिवा शर्मा के मोबाइल से यूपीआई के जरिए 55 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए थे। इसके बाद शिवा के भाई को फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। फिरौती न मिलने पर आरोपियों ने दोनों पीड़ितों को जागर्स पार्क के पास फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात शेरा सिंह, अनुभव तिवारी और करन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शिवा शर्मा पर आईपीएल सट्टे का कर्ज था, जिसे वसूलने के लिए उन्होंने यह वारदात की। इस गिरोह का मुख्य सरगना सनी सिंह उर्फ सत्या अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
