Lucknow news: एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले का खतरा, वायुसेना ने CISF को दी एंटी-ड्रोन ट्रेनिंग
लखनऊ एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर ड्रोन हमलों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसी खतरे से निपटने के लिए भारतीय वायुसेना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ (CISF) के जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया है। यह प्रशिक्षण सत्र सरोजनीनगर स्थित अमौसी यूनिट लाइन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य उभरते हुए ‘सब-कन्वेंशनल’ हवाई खतरों के खिलाफ जवानों की क्षमता और आपसी तालमेल को मजबूत करना था।
मेमौरा एयरफोर्स स्टेशन से आए फ्लाइंग ऑफिसर आरए वैद ने सीआईएसएफ के अधिकारियों और जवानों को ड्रोन के संचालन, उनके विभिन्न अनुप्रयोगों और सबसे महत्वपूर्ण ‘एंटी-ड्रोन’ तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अत्याधुनिक काउंटर-ड्रोन सिस्टम पर विशेष चर्चा हुई, जो वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में किसी भी संदिग्ध ड्रोन को हवा में ही नाकाम करने में सक्षम हैं।
प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन उड़ाने का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। इसमें दिखाया गया कि कैसे छोटे ड्रोन सुरक्षा घेरे में सेंध लगा सकते हैं और तकनीक के जरिए उन्हें कैसे ट्रैक और न्यूट्रलाइज किया जा सकता है। सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट अनूप कुमार ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से न केवल जवानों की तकनीकी समझ बढ़ती है, बल्कि संकट की स्थिति में वायुसेना और सीआईएसएफ जैसी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय भी सुनिश्चित होता है। लखनऊ एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए यह आपसी सहयोग भविष्य की चुनौतियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
