यूपी के बांदा में प्रेम कहानी का दुखद अंत, प्रेमी-प्रेमिका ने अलग-अलग कुओं में कूदकर दी जान
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने अपनी जान दे दी। चिल्ला थाना क्षेत्र के अतराहट गांव में 24 वर्षीय अंकित सिंह और 22 वर्षीय कलावती ने अलग-अलग कुओं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित सिंह गुरुवार शाम को अपने घर से निकला था और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने उसे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर एक कुएं के पास देखा। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक अंकित कुएं में छलांग लगा चुका था।
इसी बीच, गांव की ही रहने वाली कलावती ने भी गांव से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की सहायता से दोनों शवों को कुओं से बाहर निकाला। परिजनों ने फिलहाल आत्महत्या के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बताया है। हालांकि, गांव में यह चर्चा है कि अंकित और कलावती के बीच प्रेम-प्रसंग था, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
