आगरा में बिचपुरी रोड पर साप्ताहिक बाजार हटा, ट्रैफिक जाम से मिली राहत
आगरा के बिचपुरी-बोदला रोड पर हर शुक्रवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार अब नहीं लगेगा। नगर निगम ने स्थानीय निवासियों और स्थायी दुकानदारों की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करते हुए बाजार को हटा दिया है। यह बाजार सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करके लगाया जाता था, जिससे भीषण जाम की स्थिति पैदा होती थी और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था।
लंबे समय से मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रवर्तन दल को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुक्रवार सुबह से ही जोनल अधिकारी सीपी सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल क्षेत्र में तैनात रहा।
प्रवर्तन दल ने स्पष्ट कर दिया कि सड़क या फुटपाथ पर किसी भी तरह की अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। कार्रवाई के चलते एक भी कारोबारी को दुकान लगाने नहीं दिया गया। इस कदम से पूरे दिन यातायात सुचारु रहा और स्थानीय लोगों को जाम से बड़ी राहत मिली।
