कानपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, RTO ने बताया गुड Samaritan योजना का लाभ
कानपुर में सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद युवा समिति ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया। श्रीनागा निरंकारी समाधि मंदिर परिसर, पाली धाम में आयोजित इस कार्यक्रम में RTO राहुल श्रीवास्तव और ACP अभिषेक कुमार पांडेय शामिल हुए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जोर दिया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी व्यवस्था या पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।
घायल की मदद करने पर मिलेगा 25,000 रुपये का इनाम
RTO राहुल श्रीवास्तव ने इस दौरान सरकारी योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को यदि कोई नागरिक तुरंत अस्पताल पहुंचाता है तो सरकारी योजना के तहत उसे 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि समय पर सहायता मिलने से कई कीमती जानें बचाई जा सकती हैं।
नियमों का पालन है जरूरी
मुख्य अतिथि एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से तेज गति, बिना हेलमेट वाहन चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग न करने की अपील की। उन्होंने नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणामों और सुरक्षित ड्राइविंग के उपायों की जानकारी दी।
