नेशनल हाईवे पर हादसे रोकने के लिए आवारा पशुओं को लगाया जा रहा रेडियम, जानें क्या है योजना
नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और मौतों को कम करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब हाईवे पर घूमने वाले मवेशियों के गले में हरे रंग की रेडियम की पट्टी बांधी जा रही है और उनके सींगों पर भी रेडियम लगाया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को रात के अंधेरे में या कम रोशनी में भी इन पशुओं को दूर से देखने में मदद करना है, ताकि वे समय रहते सतर्क हो सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
एनएचएआई-34 के अधिकारियों ने इस योजना को लागू करने का फैसला किया है। अधिकारियों के अनुसार, हाईवे किनारे अक्सर मवेशी अचानक आ जाते हैं, जिससे बाइक सवारों के घायल होने और कारों के पलट जाने जैसी घटनाएं आम हैं। इन हादसों में कई बार लोगों की जान भी चली जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए, एनएचएआई के अधिकारी मोहम्मद जैद ने बताया कि अब तक बड़ी संख्या में मवेशियों को रेडियम लगाया जा चुका है और यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
