प्रोस्टेट कैंसर का शत-प्रतिशत इलाज संभव: डॉ राजेश्वर सिंह, लखनऊ में जागरूकता किओस्क का शुभारंभ
समाज में प्रोस्टेट कैंसर जैसे संवेदनशील विषयों पर खुलकर बात करने की तत्काल आवश्यकता है। गांव, शहर और मोहल्ले, हर स्तर पर इस बीमारी के लक्षणों और समय पर जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेदांता हॉस्पिटल में मेदांता कैंसर इंस्टिट्यूट द्वारा संचालित ‘सोचो मत, बात करो’ प्रोस्टेट कैंसर जागरूकता अभियान के तहत प्रोस्टेट कैंसर किओस्क के शुभारंभ के मौके पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने यह बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यदि प्रोस्टेट कैंसर का समय रहते पता चल जाए, तो इसका शत-प्रतिशत इलाज संभव है।
विधायक ने कहा कि ‘प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर’ केवल एक कथन नहीं, बल्कि आज की सबसे बड़ी स्वास्थ्य आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस भारत ने विश्व को योग दिया, उसी भारत में आज लगभग 11 करोड़ लोग मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित हैं। वहीं, मोटापा तेजी से बढ़ रहा है और अनुमान है कि 2030 तक मोटापे से ग्रसित विश्व का हर 11वां बच्चा भारत में होगा, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। विधायक ने तम्बाकू का सेवन पूरी तरह बंद किए जाने और बच्चों व युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इस पहल का उद्देश्य आम जनता को प्रोस्टेट कैंसर के बारे में शिक्षित करना और समय पर निदान को प्रोत्साहित करना है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार हो सके।
