मुखौटा पहनकर आने वालों से नहीं होगा व्यापार, सराफा एसोसिएशन का बड़ा फैसला – Lucknow Jewellers
लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन और उससे संबद्ध सभी सराफा एसोसिएशनों ने एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया है कि अब किसी भी ग्राहक या व्यापारी से मुंह ढककर व्यापार नहीं किया जाएगा। इस फैसले को पूरे प्रदेश के सराफा व्यापारियों से लागू करने का अनुरोध किया गया है।
यह कदम सोने-चांदी के बढ़ते दामों के बीच सराफा व्यापारियों के साथ हो रही लगातार चोरी, डकैती, लूटमार और टप्पेबाजी की घटनाओं से बचाव के लिए उठाया गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि हेलमेट या मास्क लगाकर, किसी भी तरह से मुंह ढक कर आने वाले महिला या पुरुष ग्राहक से किसी भी तरह का व्यापार नहीं किया जाएगा।
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष और लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने पूरे प्रदेश के सराफा व्यापारियों से इस नियम को अपनी दुकानों में सख्ती से लागू करने का आह्वान किया है।
इस बीच, जानकीपुरम स्थित खुशी ज्वैलर्स के साथ हुई लूट और टप्पेबाजी के मामले का खुलासा करने पर जानकीपुरम थाना प्रभारी विनोद तिवारी को सराफा व्यापारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। मनीष वर्मा, केके अवस्थी और आदर्श व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को यह सम्मान दिया।
