सोरों में महाशिवरात्रि Kanwar Mela की तैयारियां तेज, 11 फरवरी से बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों में महाशिवरात्रि कांवड़ मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुकानदारों ने मेला क्षेत्र में अपनी दुकानें लगानी शुरू कर दी हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि 11 फरवरी (नवमी) के दिन से सोरों में कांवड़ भरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा।
दुकानदार राजीव पाटकर ने बताया कि महाशिवरात्रि कांवड़ मेला में 11 फरवरी से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ना शुरू हो जाएगी। आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, हाथरस और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कांवड़ भरने के लिए सोरों आएंगे। यह मेला चार दिनों तक चरम पर रहता है, जब श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ होती है।
मेला क्षेत्र में वराह मूर्ति तिराहा पर लगी दुकानों पर दुकानदार कांवड़ सजाने वाली सामग्रियां रख रहे हैं। इन दुकानों पर रूमाल, मालाएं, खिलौने, घुंघरू, रंग बिरंगे कपड़े और अन्य सामग्रियां उपलब्ध होंगी। दुकानदारों के अनुसार, इस बार राजस्थान और मध्यप्रदेश के सुदूर क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही है, लेकिन आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, हाथरस और अन्य जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होगी। ये श्रद्धालु अपने गृह क्षेत्रों में स्थित भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर पूजा अर्चना करेंगे।
