धनबाद SNMMCH में MBBS की सीटें 250 करने की तैयारी, PG कोर्स भी होंगे शुरू; छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के छात्रों और मरीजों के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड के स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह ने हाल ही में कॉलेज का निरीक्षण किया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि SNMMCH में एमबीबीएस की सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 250 करने की तैयारी चल रही है। यह वृद्धि अगले चार से पांच वर्षों के भीतर पूरी की जाएगी, जबकि अगले सत्र से ही 150 सीटों पर नामांकन का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा, पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्स की सीटें भी बढ़ाकर 100 तक की जाएंगी। यह कदम मेडिकल छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर प्रदान करेगा और उन्हें राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। स्वास्थ्य सचिव ने यह भी बताया कि धनबाद में पहले से बने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को जल्द ही चालू किया जाएगा।
अस्पताल के बुनियादी ढांचे में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। वर्तमान में 570 बेड वाले अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 800 से अधिक की जाएगी। इसके लिए अस्पताल के पुराने भवन से ओपीडी सेवा को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। पुराने भवन को खाली करके वहां भी नया निर्माण किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए 96 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है।
