बांग्लादेश में प्रमुख मीडिया घरानों पर हमलों के बाद अब एक और मीडिया हाउस को धमकी मिली है। इससे देश में प्रेस की स्वतंत्रता पर दबाव और बढ़ गया है। ढाका स्थित ग्लोबल टीवी बांग्लादेश...
बांग्लादेश में प्रमुख मीडिया घरानों पर हमलों के बाद अब एक और मीडिया हाउस को धमकी मिली है। इससे देश में प्रेस की स्वतंत्रता पर दबाव और बढ़ गया है। ढाका स्थित ग्लोबल टीवी बांग्लादेश के दफ्तर में कुछ युवक घुस आए और उन्होंने न्यूज हेड नाज़नीन मुन्नी को हटाने की मांग की। युवकों ने धमकी दी कि अगर उन्हें नहीं हटाया गया तो ऑफिस का हश्र भी Prothom Alo और The Daily Star जैसा होगा।
युवकों ने दावा किया कि नाज़नीन मुन्नी, जो एक लोकप्रिय टीवी एंकर हैं, अवामी लीग की समर्थक हैं। यह घटना 21 दिसंबर को हुई, जब एंटी-इंडिया छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में अशांति का एक और दौर शुरू हुआ था।
पत्रकार ने फेसबुक पर साझा किया अनुभव
नाज़नीन मुन्नी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि 7-8 लोग उनके दफ्तर में आए और चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यह धमकी पत्रकारों और स्वतंत्र मीडिया को डराने-धमकाने के व्यापक पैटर्न का हिस्सा है। नाज़नीन ने बताया कि युवक खुद को एंटी-डिस्क्रिमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट का सदस्य बता रहे थे। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मेरे ऑफिस के मैनेजिंग डायरेक्टर से कहा कि नाज़नीन मुन्नी को हटाओ, वह अवामी लीग की समर्थक हैं।’
हालांकि, एंटी-डिस्क्रिमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट ने इस घटना से खुद को अलग कर लिया है। संगठन के अध्यक्ष रिफत राशिद ने कहा कि वे अपने सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
छात्र नेता की मौत के बाद बढ़ी अशांति
नाज़नीन ने बताया कि युवकों ने मैनेजिंग डायरेक्टर से कहा कि उस्मान हादी की मौत की कवरेज पर्याप्त नहीं थी। उस्मान हादी, 32 वर्षीय, अपने भारत विरोधी बयानों के लिए जाने जाते थे और 2024 के छात्र विद्रोह के दौरान प्रमुखता हासिल की थी, जिसके कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। हादी को इस महीने की शुरुआत में बाइक सवार लोगों ने गोली मार दी थी और पिछले हफ्ते उनकी मौत हो गई थी।
युवकों ने मैनेजिंग डायरेक्टर से 48 घंटे के भीतर नाज़नीन को हटाने का लिखित आश्वासन मांगा, जिसे उन्होंने मना कर दिया। इस पर युवकों ने कहा, ‘जो हम चाहते हैं, वही होगा। Prothom Alo और The Daily Star भी कुछ नहीं कर पाए, तुम उनके सामने कुछ नहीं हो।’