बांग्लादेश: राजनीतिक हत्या पर बवाल, भाई ने कहा- ‘Yunus government’ ने चुनाव टालने के लिए कराया कत्ल
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच, इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या ने नया मोड़ ले लिया है। उनके भाई शरीफ उमर हादी ने सीधे तौर पर यूनुस सरकार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उमर हादी ने दावा किया है कि सरकार के भीतर कुछ निहित स्वार्थ वाले तत्व आगामी राष्ट्रीय चुनाव को टालने के लिए इस हत्या का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके भाई की हत्या सरकार ने ही करवाई है, और अब वे इसे चुनाव में बाधा डालने के बहाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
इंकलाब मंच द्वारा आयोजित ‘शहीदी शपथ’ कार्यक्रम में बोलते हुए उमर हादी ने कहा कि उनके भाई चाहते थे कि राष्ट्रीय चुनाव फरवरी तक संपन्न हो जाएं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे चुनाव के माहौल को खराब न करें। उमर हादी ने चेतावनी दी कि यदि हत्यारों को जल्द न्याय नहीं मिला तो सरकार को भी एक दिन बांग्लादेश से भागने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके भाई को इसलिए मारा गया क्योंकि उन्होंने किसी भी एजेंसी या “विदेशी आकाओं” के सामने झुकने से इनकार कर दिया था। इस बीच, इंकलाब मंच के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर ने सोमवार को जारी बयान में दिए गए 30 कार्यदिवस के अल्टीमेटम को दोहराया। इस अल्टीमेटम में सरकार से हत्यारों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई है।
