PM Modi Lucknow visit: पीएम मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल में प्रतिमाओं को निहारा, BJP नेताओं को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दौरा किया। यह स्थल जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वैचारिक नायकों को समर्पित है। पीएम मोदी ने यहां पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित की।
गोल्फ कार्ट से परिसर का भ्रमण करते हुए पीएम मोदी ने इन भव्य प्रतिमाओं को एकटक निहारा। उन्हें बताया गया कि इन मूर्तियों का डिजाइन प्रख्यात मूर्तिकार राम वी सुतार और मातूराम ने तैयार किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने इसके बाद संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्होंने भारत माता की 10 फीट ऊंची प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। संग्रहालय में जनसंघ से लेकर भाजपा तक के सफर को दर्शाने वाली गैलरी है, जिसमें डॉ. मुखर्जी गैलरी, बंगाल विभाजन गलियारा, दीनदयाल गैलरी और अटल गैलरी शामिल हैं। पीएम मोदी ने यहां राष्ट्रवाद से प्रेरित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की पंक्तियां भी पढ़ीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को बताया कि यह स्थल केवल स्मारक नहीं है, बल्कि यहां विपश्यना केंद्र, योग केंद्र और 1.72 किलोमीटर का जॉगिंग ट्रैक भी बनाया गया है। इसका उद्देश्य आसपास के लोगों को सेहतमंद बनाना है। पीएम मोदी ने संग्रहालय में राष्ट्रीय नायकों द्वारा उपयोग किए गए सामानों को भी देखा, जो लोगों के दर्शन के लिए रखे गए हैं।
