बेटे के जन्म की खुशी में पार्टी, भाभी ने छत से धक्का देकर ले ली जान!
गुरुग्राम में एक युवक की छत से धक्का देकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक रोहित अपने बेटे के जन्म की खुशी में पार्टी देने के लिए अपनी रिश्तेदार बबली के घर गया था। यह घटना 24 नवंबर की है, जब शराब पीने के दौरान हुए विवाद में बबली ने रोहित को छत से धक्का दे दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय रोहित नूंह जिले का रहने वाला था और गुरुग्राम में ढोल बजाने का काम करता था। उसकी पहचान 50 वर्षीय बबली से थी, जिसे वह भाभी कहता था। रोहित का बबली के घर आना-जाना लगा रहता था। 20 नवंबर के आसपास रोहित को बेटा हुआ था, जिसकी खुशी में बबली ने उससे पार्टी मांगी थी।
24 नवंबर की रात रोहित शराब लेकर बबली के घर पहुंचा। दोनों ने घर की छत पर बैठकर शराब पी। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। शराब के नशे में बबली ने रोहित को छत से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को परिवारवालों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
करीब 13 दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार रात रोहित ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि पहले रोहित के बयान पर केस दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद अब इसमें हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला बबली को गिरफ्तार करेगी।
