चलती बाइक पर जेब में रखा मोबाइल फटने से युवक की दर्दनाक मौत, प्रशासन ने जारी की चेतावनी | muzaffarnagar news
स्मार्टफोन आज के समय में हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही कई बार भारी पड़ सकती है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फटने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब 40 वर्षीय विकास अंतल अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। अचानक उनकी पैंट की जेब में रखे फोन की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ। इस अचानक हुए विस्फोट से उनका बाइक पर से नियंत्रण खो गया और वे तेज रफ्तार में नीचे गिर पड़े। सड़क पर गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया है और पीछे दो मासूम बच्चे छूट गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्मार्टफोन फटने से पहले कई तरह के संकेत देता है, जिन्हें कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। फोन का अत्यधिक गर्म होना, बैटरी का फूलना या चार्जिंग के दौरान असामान्य व्यवहार करना बड़े खतरे की निशानी है। सुरक्षा के लिहाज से हमेशा ओरिजिनल और रजिस्टर्ड कंपनियों के चार्जर व बैटरी का ही उपयोग करना चाहिए। लोकल या नकली पार्ट्स के इस्तेमाल से लिथियम-आयन बैटरी में लीकेज का खतरा बढ़ जाता है, जो बड़े धमाके का कारण बन सकता है।
