नर्सों को सिजेरियन का लक्ष्य देने पर नर्सों का विरोध, स्वास्थ्य महानिदेशक से की शिकायत
राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश ने स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र लिखकर नर्सों को सर्जरी, विशेषकर सिजेरियन करने का लक्ष्य दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ के महामंत्री अशोक कुमार ने बताया कि भदोही के महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल के सीएमएस द्वारा नर्सिंग ऑफिसर को पांच-पांच सिजेरियन करने का लक्ष्य दिया गया है। संघ का कहना है कि सिजेरियन करना डॉक्टरों के अधिकार क्षेत्र में आता है और नर्सों को इस तरह का लक्ष्य देना अनुचित है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि जिला स्वास्थ्य समिति की एक बैठक में वर्ष 2025-26 में केवल 27 सिजेरियन होने पर चार नर्सों को दोषी ठहराया गया और उनके वेतन में कटौती व एसीआर में कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। इस कार्रवाई से नर्सेज में रोष है।
इस मामले से स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि उनके कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। संघ ने स्वास्थ्य महानिदेशक से तत्काल हस्तक्षेप कर ऐसे आदेशों को रद्द करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
