आगरा CA पर 22 करोड़ की विदेशी मुद्रा भेजने का आरोप, FIR दर्ज
आगरा में चार्टर्ड अकाउंटेंट रेहान खान पर 22 करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी धनराशि फर्जी कंपनियों के जरिए विदेश भेजने का गंभीर आरोप लगा है। आयकर विभाग की शिकायत के बाद ताजगंज थाने में CA के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि रेहान खान ने बिना उचित सत्यापन के फॉर्म-15सीबी जारी किए, जिससे संदिग्ध विदेशी धन का हस्तांतरण हुआ।
आयकर विभाग की जांच शाखा ने 18 अगस्त को CA के ठिकानों पर तलाशी ली थी। जांच में सामने आया कि रेहान खान ने 18 कंपनियों के माध्यम से करीब 22.12 करोड़ रुपये की धनराशि विदेश भेजी। इन भुगतानों में शिपिंग, टेलीकम्युनिकेशन और कंप्यूटर सेवाओं के नाम पर रकम भेजी गई।
विभाग का आरोप है कि फॉर्म-15सीबी जारी करने से पहले रेमिटर और संबंधित दस्तावेजों का आवश्यक सत्यापन नहीं किया गया। इस तरह के फर्जीवाड़े से बड़े पैमाने पर कर चोरी और आपराधिक साजिश का मामला सामने आया है। CA ने पूछताछ में कुछ तथ्यों को स्वीकार भी किया है। इस मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
