आगरा में होटल में जुआ खेल रहे छह गिरफ्तार, 14 हजार से ज्यादा की नकदी बरामद
आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवधपुरी स्थित सुपर स्टार होटल में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14120 रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाले ताश के पत्ते भी बरामद किए हैं।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी और शानू, राजा, गुलशन, अल्तमश, शानू पुत्र कदीर और दिलदार को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी नई आबादी खतैना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर कुछ राहत महसूस की जा रही है।
