आगरा में 31 को रोजगार मेला, 1000 से अधिक पदों पर होगी नियुक्ति: Agra jobs
आगरा में 31 अगस्त को एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और आरएनजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह निःशुल्क मेला अंजली कॉलेज ऑफ फार्मेसी एण्ड साइंस, आगरा-फिरोजाबाद रोड पर सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1000 से अधिक तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रचूर्ण दुबे ने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और फार्मेसी उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष तक के पुरुष और महिला अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यक्षेत्र आगरा, नोएडा, दिल्ली एनसीआर, गुरुग्राम और गाजियाबाद होगा।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले नियोजकों, रिक्तियों और योग्यताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल (रोजगार संगम डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन) पर उपलब्ध है। यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेगी और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होने में मदद करेगी।
