यूपी में TB patients को पोषण सहायता के लिए नई व्यवस्था, भुगतान होगा आसान
उत्तर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित निक्षय पोषण योजना के लाभार्थियों के लिए भुगतान प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब तक यह पोषण सहायता पीएफएमएस पोर्टल और निक्षय पोर्टल के माध्यम से दी जाती थी, लेकिन अब इसे सीधे एसएनए स्पर्श पोर्टल और निक्षय पोर्टल के समन्वित प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. ऋषि कुमार सक्सेना ने बताया कि यह नई व्यवस्था TB patients को समय पर पोषण सहायता उपलब्ध कराने और भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। इसका मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लाभार्थियों को बिना किसी देरी के सीधे उनके बैंक खातों में राशि प्राप्त हो।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र लिखकर इस नई व्यवस्था को समयबद्ध रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से भुगतान को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए ताकि राज्य में क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।
नई भुगतान व्यवस्था का उद्देश्य
समय पर भुगतान: टीबी रोगियों को पोषण सहायता की राशि समय पर और सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराना।
पारदर्शिता: भुगतान प्रक्रिया को पूर्णतः डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) आधारित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना।
डुप्लीकेशन पर रोक: डुप्लीकेट भुगतान की संभावना को समाप्त करना और योजना के अंतर्गत आवंटित धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना।
