नर्सिंग बेरोजगारों का प्रदर्शन, हरक सिंह रावत समेत कई गिरफ्तार
देहरादून के परेड ग्राउंड में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में वर्षवार चयन की मांग को लेकर बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर एकता विहार स्थित धरना स्थल पर ले जाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोरोनाकाल में अपनी सेवाएं देने वाले नर्सिंग अधिकारियों की सरकार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने मांग की है कि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया पूर्व की तरह वर्षवार तरीके से की जाए। नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि वर्ष 2020 में निकाली गई पिछली भर्ती में कई अभ्यर्थियों का दो-दो बार चयन हो गया था, साथ ही अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को भी मौका मिला, जिससे स्थानीय बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों को अवसर नहीं मिल पाया।
नवल पुंडीर ने आगे कहा कि वर्तमान में जो भर्ती निकाली गई है, उसमें कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त हो चुकी है या वे अधिकतम आयु सीमा के करीब हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के कुल 690 नर्सिंग अधिकारियों के पदों पर उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2021 में भी संगठन ने 134 दिनों तक धरना दिया था, जिसके बाद सरकार ने तीन हजार पदों पर विज्ञप्ति जारी की थी। विभागीय अधिकारियों से कई बार वार्ता के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आग्रह किया है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए और एक निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, जिसमें स्थानीय बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों को प्राथमिकता मिले। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परेड ग्राउंड के आसपास पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग भी की गई थी।
एक शिक्षिका पर 34 बच्चे, डीएम के हस्तक्षेप के बाद 24 घंटे में मिली दूसरी शिक्षिका
सर्दी में कमजोर इम्यूनिटी: इन आदतों से बचें, बीमारियों से रहें दूर
जमीन अधिग्रहण में देरी से रुकी एलिवेटेड रोड, डीएम ने दिखाई सख्ती
उत्तराखंड में नई हेली सेवाएँ शुरू: देहरादून से टिहरी, श्रीनगर और गौचर तक बढ़ीं उड़ानें
नई कार से मसूरी जा रहे थे पर्यटक, नशे में धुत चालक ने चढ़ा दी रेलिंग पर गाड़ी
