एक शिक्षिका पर 34 बच्चे, डीएम के हस्तक्षेप के बाद 24 घंटे में मिली दूसरी शिक्षिका
देहरादून जिले के डोईवाला ब्लॉक में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिस्ट्राबाद में शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई थी, जहां 34 छात्र-छात्राओं को केवल एक ही शिक्षिका पढ़ा रही थीं। यह स्थिति बच्चों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही थी। इस मामले में ग्रामीणों और बच्चों के भविष्य को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने हस्तक्षेप किया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को ग्राम इठारना में आयोजित एक बहुउद्देशीय शिविर के दौरान, लिस्ट्राबाद ग्रांट के ग्राम प्रधान ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्र संख्या 34 होने के बावजूद केवल एक ही अध्यापिका कार्यरत हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। उन्होंने विद्यालय में एक अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और विद्यालय में शिक्षक की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह तैनाती 24 घंटे के भीतर की जानी चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।
जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के क्रम में, शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। बुधवार देर शाम, जिला शिक्षा अधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिस्ट्राबाद में एक और शिक्षिका के तैनाती के आदेश जारी कर दिए। यह नियुक्ति डोईवाला ब्लॉक के उप शिक्षा अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव के आधार पर की गई है। एक औपबंधिक सहायक अध्यापक को तत्काल विद्यालय में कार्ययोजित कर दिया गया है। उप शिक्षा अधिकारी डोईवाला को इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस नियुक्ति से विद्यालय में शिक्षकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जिससे अब 34 छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से चल सकेगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के इस त्वरित और प्रभावी कदम की सराहना की है।
नर्सिंग बेरोजगारों का प्रदर्शन, हरक सिंह रावत समेत कई गिरफ्तार
सर्दी में कमजोर इम्यूनिटी: इन आदतों से बचें, बीमारियों से रहें दूर
जमीन अधिग्रहण में देरी से रुकी एलिवेटेड रोड, डीएम ने दिखाई सख्ती
उत्तराखंड में नई हेली सेवाएँ शुरू: देहरादून से टिहरी, श्रीनगर और गौचर तक बढ़ीं उड़ानें
नई कार से मसूरी जा रहे थे पर्यटक, नशे में धुत चालक ने चढ़ा दी रेलिंग पर गाड़ी
