कानपुर में 37 हजार से अधिक घर रोशन, PM सूर्य घर योजना का जलवा
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कानपुर नगर में सौर ऊर्जा से अब तक 37,844 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे कुल 132.09 मेगावाट स्थापित सौर क्षमता विकसित हुई है। इस योजना में कानपुर जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज है।
हाल ही में नवीन सभागार, सरसैय्या घाट में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सोलर संयंत्रों की स्थापना, सब्सिडी वितरण, बैंक ऋण तथा अन्य प्रगति बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अब तक 36,032 लाभार्थियों को सब्सिडी जारी की जा चुकी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह से 21 जून तक 10,249 नए सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाते हैं। वर्ष 2026-27 में जनपद को 42,684 संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने बैंकों को 30 जून तक ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। डिस्कॉम अधिकारियों को स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों का सत्यापन समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस पहल से न केवल घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
