मार्च में ही 34 डिग्री पार पारा, होली पर गर्मी का ‘येलो अलर्ट’
उत्तर प्रदेश में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही सूरज ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। शहर में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को पंखे और कूलर का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। होली के त्यौहार के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी के लिए निकले लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा, कई लोगों ने छांव और छतरियों का सहारा लिया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने और बादलों की आवाजाही थमने के कारण तापमान में यह वृद्धि देखी जा रही है। होली तक तापमान में तीन डिग्री की और वृद्धि की आशंका है। फरवरी के अंतिम दिनों से ही दिन और रात के तापमान में लगभग 18 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग गर्म और ठंडे वातावरण के बीच संतुलन बनाए रखें। दिन के समय तेज धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की उम्मीद है, और मार्च के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
