मथुरा: मामूली कहासुनी पर घर में घुसकर हमला, दो भाई समेत तीन घायल
मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र के गांव नगला भैंसारा में सोमवार की रात एक मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि करीब नौ बजे चार नामजद और दस-बारह अज्ञात लोग पीड़ित राहुल के घर में घुस आए।
पीड़ित राहुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब हमलावर उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर हमलावरों ने उस पर और उसके भाई विपिन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाला युवक चुन्नी लाल उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। हमलावरों ने चुन्नी लाल पर भी बेरहमी से लाठी-डंडों से प्रहार किया, जिससे वह भी घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र होने लगे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत तीनों घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित राहुल की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
