कानपुर में Chinese manjha से बड़ा हादसा, बाइक सवार के गले पर लगे 16 टांके
कानपुर में चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। जाजमऊ नए गंगापुल पर बुधवार शाम को एक बाइक सवार चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के गले पर गहरा कट लगा, जिसके कारण उसे 16 टांके लगाने पड़े। घायल युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चकेरी के शिवकटरा निवासी रघुवीर यादव ने बताया कि बुधवार शाम को वह अपने साले जयप्रकाश के साथ उन्नाव जा रहे थे। जयप्रकाश बाइक चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था। जब वे नए गंगापुल के बीच में पहुंचे, तो कहीं से आया चाइनीज मांझा उनके हेलमेट से टकराया और फिसलकर गले तक पहुंच गया। मांझे की रगड़ से जयप्रकाश के गले में गहरा घाव हो गया और दोनों बाइक से गिर पड़े। रघुवीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घायल जयप्रकाश को पहले पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें सर्वोदय नगर स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके गले पर करीब 16 टांके लगे हैं। इस घटना के बाद रघुवीर ने जाजमऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
यह कोई पहली घटना नहीं है जब चाइनीज मांझे ने किसी को घायल किया हो। कानपुर में पिछले कुछ समय में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। 10 फरवरी 2026 को खपरा मोहाल निवासी सुरेश विश्कर्मा के माथे पर 15 टांके लगे थे, जबकि 16 जनवरी 2025 को किदवईनगर में छात्र सत्यम सिंह का चेहरा बुरी तरह कट गया था। इसके अलावा, 25 नवंबर 2025 को दानाखोरी निवासी शुभम और 2024 में बर्रा निवासी गुड्डू वर्मा भी चाइनीज मांझे से घायल हुए थे।
