कानपुर में चाइनीज मांझे से बड़ा हादसा, बाइक सवार के गले पर लगे 16 टांके
कानपुर में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध के बावजूद, इससे होने वाले हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा घटना जाजमऊ नए गंगा पुल पर हुई, जहां एक बाइक सवार युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के गले पर गहरा कट लगा है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल युवक के गले पर 16 टांके लगाने पड़े हैं।
चकेरी के शिवकटरा निवासी रघुवीर यादव ने बताया कि बुधवार शाम को वह अपने साले जयप्रकाश के साथ उन्नाव जा रहे थे। जयप्रकाश बाइक चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था। जब वे नए गंगा पुल के बीच में पहुंचे, तो अचानक कहीं से आया चाइनीज मांझा जयप्रकाश के हेलमेट से टकराया और फिसलकर उनके गले तक पहुंच गया। मांझे की रगड़ से जयप्रकाश के गले में गहरा घाव हो गया, जिससे दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद रघुवीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल जयप्रकाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती उपचार के बाद, जयप्रकाश को सर्वोदय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रघुवीर ने बताया कि डॉक्टरों ने जयप्रकाश के गले पर 16 टांके लगाए हैं। जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
