मैथा ब्लॉक: लाखों खर्च कर बने PHC के आवास खंडहर, ‘शहर प्रेम’ में कर्मचारी नदारद
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते मैथा ब्लॉक क्षेत्र के औनाहां गांव में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की इमारत के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों के आवासीय भवनों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। शासन ने लाखों रुपये खर्च कर क्षेत्र के औनाहां गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के रुकने के लिए सुसज्जित आवासों का निर्माण कराया था। हालांकि, अस्पताल में तैनात डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों के शहर प्रेम के चलते ये कर्मचारी आवास निष्प्रयोज्य साबित होते हुए खंडहर में तब्दील होते नजर आ रहे हैं।
कर्मचारी आवासों में लगी खिड़कियां व दरवाजे गायब हो गए हैं, तो कुछ देखरेख के अभाव में टूट कर बर्बाद होने की कगार पर हैं। चिकित्सा अधिकारी से लेकर कर्मचारी आवासों तक के आसपास बड़े पैमाने पर गंदगी व्याप्त है। वहीं अस्पताल परिसर में कटीली झाड़ियां एवं घास उगने से पूरी तरह बदहाल होता दिखाई दे रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने डॉक्टर व कर्मचारी आवासों को दुरस्त कराने के प्रति कोई संजीदगी नहीं दिखा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों के लिए यह बेमकसद साबित हो रहे हैं। वहीं इन आवासों में स्वास्थ्य कर्मियों के नहीं रुकने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को समय पर चिकित्सीय सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
