लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी ने किया ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट का उद्घाटन, बोले- राज्य में 9.50 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी | up politics news
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के छठे स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने संस्थान में बनकर तैयार अंग प्रत्यारोपण केंद्र, 40 बेड के नए इमरजेंसी वार्ड और एमआरआई समेत कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया। (up politics news) समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीमारियों का स्वरूप लगातार बदल रहा है, इसलिए चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और संस्थानों को भी अत्याधुनिक तकनीक और शोध पर विशेष ध्यान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में कुल 36 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 85 हो गई है। इसके साथ ही एमबीबीएस की सीटों में भी भारी इजाफा हुआ है। लोहिया संस्थान के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि कभी 20 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में शुरू हुआ यह संस्थान आज 1400 बेड के चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में उभर चुका है। यहां पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाले मरीजों को बोन मैरो, लिवर और गुर्दा ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से बड़ी राहत मिलेगी।
युवाओं के रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल 16.5 लाख सरकारी कर्मचारी हैं, जिनमें से करीब 9.50 लाख युवाओं की भर्तियां पिछले साढ़े नौ वर्षों में की गई हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन सभी नियुक्तियों में पूरी पारदर्शिता बरती गई है, जिससे युवाओं का सरकार और व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के इस विस्तार से आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय इलाज मिलने की राह आसान हो गई है।
