Lucknow News: खजूर गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक, 6 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में स्थित एक खजूर पैकिंग गोदाम में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। यूनिटी कॉलेज के सामने एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में चल रहे इस गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पाया। इस हादसे में गोदाम में रखा डीप फ्रीजर और लाखों रुपये का खजूर जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय गोदाम में मौजूद तीन कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया, क्योंकि आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया था।
