सनातन रक्षा संगठन का ऐलान: पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख का इनाम, लखनऊ में फूंका पुतला
लखनऊ में शनिवार को सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के कथित तौर पर भगवान श्रीराम और सनातन धर्म पर की गई टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हजरतगंज में कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, पुतला दहन किया और सार्वजनिक माफी की मांग की। इस दौरान संगठन ने पप्पू यादव का सिर लाने वाले को ₹51 लाख का इनाम देने का ऐलान किया, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि सनातन धर्म के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने पप्पू यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का मानना है कि इस तरह की टिप्पणियां करोड़ों सनातनियों की आस्था को ठेस पहुंचाती हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सांसद के पुतले को चप्पलों से पीटा और फिर आग के हवाले कर दिया। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ भी नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखी। संगठन ने सरकार से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
