लखनऊ इंटरसिटी ट्रेन 8 अप्रैल से 13 मई तक कानपुर तक ही जाएगी, Lucknow Intercity का रूट बदला
आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस (12180) के यात्रियों को 8 अप्रैल से 13 मई तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन में आंशिक बदलाव किया है। यह ट्रेन अब आगरा फोर्ट से कानपुर सेंट्रल तक ही चलेगी। कानपुर सेंट्रल से लखनऊ जंक्शन के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी। वापसी में भी यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से ही आगरा फोर्ट के लिए रवाना होगी, लखनऊ से कानपुर के बीच इसका संचालन नहीं होगा।
यह निर्णय लखनऊ में पुल संख्या 110 पर चल रहे मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के कारण लिया गया है। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का काम चलेगा। पहले इस ट्रेन को 2 अप्रैल से 13 मई तक आगरा फोर्ट-मथुरा जंक्शन-कासगंज-शाहजहांपुर-लखनऊ जंक्शन मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब यह डायवर्जन खत्म कर दिया गया है और आंशिक निरस्तीकरण लागू किया गया है।
